सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले की ऐतिहासिक नगरी नरवर में रविवार को नरवर किले पर एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य किले को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना था। यह कार्यक्रम प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन और अन्य सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आम नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्कूली बच्चों ने भाग लिया।
स्वच्छता अभियान की शुरुआत नरवर के खम्मी बाजार से हुई और यह ऐतिहासिक नरवर किले तक पहुंचा। इसके बाद किले परिसर और पसरदेवी माता मंदिर क्षेत्र में साफ-सफाई की गई। इस दौरान स्वच्छता से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। अभियान में लगभग 200 लोगों और 50 स्कूलों के विद्यार्थियों ने श्रमदान किया।
जन भागीदारी समिति के अध्यक्ष धीरज गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि नरवर किला केवल एक ऐतिहासिक धरोहर नहीं, बल्कि क्षेत्र की पहचान है। उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटक यहां आते हैं, इसलिए किले और आसपास के धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नरवर आने वाले हर व्यक्ति से गंदगी न फैलाने की अपील की, ताकि यहां से स्वच्छता का सकारात्मक संदेश जाए।
इस कार्यक्रम में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन नरवर-मंगरौनी के ब्लॉक अध्यक्ष पंकज कुशवाह, उपाध्यक्ष सिरदार सिंह कुशवाह, सचिव संजय भार्गव, कोषाध्यक्ष नवीन जैन और विधायक प्रतिनिधि पोहरी अशोक रावत सहित कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा उपस्थित रहे।
आयोजकों ने जानकारी दी कि भविष्य में भी नरवर किले जैसे ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों पर ऐसे स्वच्छता अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे। इसका लक्ष्य नरवर को एक स्वच्छ, सुंदर और आदर्श पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है।