दो साथी फरार, लोहे की चद्दर काटकर दुकान में घुसे थे सभी:शिवपुरी में ग्रामीणों ने चोर को रस्सी से बांधकर पीटा

Nikk Pandit
0
         ग्रामीणों ने चोर को रस्सी से बांधकर पीटा

सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के टोरिया गांव में गुरुवार रात चोरी के प्रयास के दौरान एक युवक को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

ताले नहीं खुले तो चद्दर काटकर घुसे

पुलिस के मुताबिक, तीन युवक बाइक पर सवार होकर गांव पहुंचे थे। उन्होंने आकाश यादव की दुकान के ताले मास्टर चाबियों से खोलने की कोशिश की। ताले नहीं खुलने पर आरोपियों ने लोहे की चद्दर काटकर दुकान के अंदर प्रवेश किया।

पड़ोसी की सतर्कता से खुली पोल

दुकान के पास रहने वाले एक पड़ोसी को संदिग्ध आवाजें सुनाई दीं। उसने तुरंत दुकान मालिक और अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों के पहुंचते ही दो आरोपी बाइक से भाग निकले, जबकि एक युवक को पकड़ लिया गया।

रस्सी से बांधकर की पिटाई

ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को रस्सी से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। तलाशी लेने पर उसके पास से ताले खोलने वाली दर्जनों चाबियां बरामद हुईं। डायल 112 टीम आरोपी को अपने साथ ले गई। युवक ने अपनी पहचान चंदेरी थाना क्षेत्र निवासी मुकेश आदिवासी के रूप में बताई है। पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)