शिवपुरी में दिव्यांगजनों को मिली जापानी तकनीक वाली ई-स्कूटिया:28 हितग्राहियों को सौपीं मोटराइज्ड स्कूटियां, 50 लाख की योजना से आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में गुरुवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। शहर के मंगलम परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 28 दिव्यांगजनों को जापानी तकनीक पर आधारित ई-मोटराइज्ड स्कूटियां वितरित की गईं। जिले के कुल 31 हितग्राहियों को दो चरणों में इस योजना का लाभ दिया जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ संत रघुवीर सिंह गौर एवं समाजसेवी रेणु सांखला ने किया। इस अवसर पर दिव्यांगजन आयुक्त डॉ. अजय खेमरिया, सक्षम संस्था के अध्यक्ष रविन्द्र कोपरगांवकर सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

सक्षम संस्था के अध्यक्ष रविन्द्र कोपरगांवकर ने बताया कि संस्था देशभर में दिव्यांगजनों के लिए सेवा कार्य कर रही है। इसी कड़ी में शिवपुरी जिले के 31 दिव्यांगजनों को लगभग 50 लाख रुपए की लागत से आधुनिक ई-स्कूटियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। उनका उद्देश्य दिव्यांगजनों को दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे आसानी से अपने दैनिक कार्य कर सकें।

कार्यक्रम में मौजूद दिव्यांगजन आयुक्त डॉ. अजय खेमरिया ने कहा कि भविष्य में जिले के लगभग 50 और दिव्यांगजनों को भी ई-स्कूटी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार और सामाजिक संस्थाओं का लक्ष्य दिव्यांगजनों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने और स्वतंत्र रूप से आवागमन करने योग्य बनाना है।

🔋 एक बार चार्ज होने पर चलेगी 40 किलोमीटर

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि ये ई-व्हीकल आईआईटी मद्रास द्वारा जापानी तकनीक के आधार पर डिजाइन किए गए हैं। स्कूटी एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 40 किलोमीटर तक चल सकती है। खास बात यह है कि इन्हें घर के अंदर और बाहर दोनों जगह आसानी से उपयोग किया जा सकता है।

इन स्कूटियों को पाकर दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। कई हितग्राहियों ने कहा कि अब उन्हें छोटे-छोटे कामों और आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

कार्यक्रम में सामाजिक न्याय विभाग की उपसंचालक नम्रता गुप्ता, विश्वजीत सरमण्डल, संजय पडवाड़े, सुनीत चौहान, राजीव श्रीवास्तव, रंजीत गुप्ता, अरविंद जैन, रौनक कोचेटा, डॉ. रामनिवास शर्मा सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)