बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के किसानों, विशेषकर मूंगफली उत्पादकों के लिए राहत और प्रगति की खबर सामने आई है। कृषि विज्ञान केंद्र शिवपुरी में मूंगफली उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीड हब परियोजना के अंतर्गत नई प्रसंस्करण इकाई निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया। यह पहल आने वाले समय में न केवल शिवपुरी बल्कि आसपास के जिलों के किसानों के लिए भी लाभकारी साबित हो सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय ग्वालियर के कुलगुरु प्रोफेसर अरविंद कुमार शुक्ला ने की।
कार्यक्रम के दौरान कुलगुरु प्रोफेसर शुक्ला ने कहा कि शिवपुरी जिला मध्यप्रदेश में मूंगफली उत्पादन के बड़े केंद्रों में शामिल है और यहां तैयार हो रहा सीड हब किसानों की आय बढ़ाने, बेहतर बीज उपलब्ध कराने और आधुनिक खेती तकनीकों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र की गतिविधियों का निरीक्षण भी किया तथा परिसर में बनने वाली पेवर्स रोड का शिलान्यास कर विकास कार्यों को गति दी।
बताया गया कि यह सीड हब परियोजना भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के भारतीय मूंगफली अनुसंधान संस्थान जूनागढ़ (गुजरात) के समन्वय से विकसित की जा रही है। यहां मूंगफली की उन्नत प्रजातियों के बीज उत्पादन, प्रसंस्करण और वितरण की व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे और बाहरी निर्भरता कम होगी।
विशेष बात यह है कि इस परियोजना के माध्यम से किसानों को केवल बीज नहीं मिलेगा, बल्कि बीज उत्पादन प्रक्रिया से भी जोड़ा जाएगा। किसान स्वयं उन्नत प्रजातियों का उत्पादन करेंगे और फिर यही बीज अन्य किसानों तक पहुंचेंगे। इससे बीज प्रतिस्थापन दर बढ़ेगी, उत्पादन क्षमता में सुधार होगा और खेती अधिक लाभकारी बन सकेगी। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इससे मूंगफली की खेती में नई तकनीकों का तेजी से विस्तार होगा।
कार्यक्रम के दौरान निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. वाई.पी. सिंह, कार्यपालन यंत्री इंजी. अखिलेश सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. पुनीत कुमार सहित कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. एम.के. भार्गव, डॉ. प्रशांत गुप्ता, डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. सुरुचि सोनी एवं श्री सत्येंद्र गुप्ता उपस्थित रहे। कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि यह परियोजना आने वाले वर्षों में शिवपुरी को मूंगफली बीज उत्पादन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित कर सकती है। 🌱🚜