शिवपुरी में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडाकलेक्टर कार्यालय क्षेत्र में नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई, सांची मिल्क पार्लर सहित आसपास के अतिक्रमण हटाए गए

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद शिवपुरी ने एक बार फिर सख्त संदेश दिया है कि अब सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था और अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रविवार को कलेक्टर कार्यालय क्षेत्र में नगर पालिका की टीम ने कार्रवाई करते हुए सांची मिल्क पार्लर सहित आसपास सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया।

इस दौरान प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा और लोगों को समझाइश भी दी गई कि भविष्य में सार्वजनिक स्थलों पर दोबारा कब्जा या अव्यवस्था न बनाई जाए।
यह कार्रवाई केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे शहर के सुचारू यातायात, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। लंबे समय से सरकारी कार्यालयों और मुख्य मार्गों के आसपास बढ़ते अतिक्रमण से आम लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

ऐसे में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देशन में नगर पालिका द्वारा लगातार अभियान चलाकर व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ के नेतृत्व में चल रहे स्वच्छता एवं अतिक्रमण विरोधी अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि शहर को व्यवस्थित स्वरूप देना भी है। नगर पालिका का मानना है कि यदि सड़क, फुटपाथ और सरकारी परिसरों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए तो यातायात व्यवस्था मजबूत होगी, स्वच्छता बेहतर बनेगी और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। इसी सोच के साथ टीम लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही है।

प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख स्थानों, बाजारों, सरकारी परिसरों और सार्वजनिक मार्गों पर भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। जहां भी अवैध अतिक्रमण या अव्यवस्था मिलेगी वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान शहर को साफ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की व्यापक योजना का हिस्सा बताया जा रहा है।

नगर पालिका ने व्यापारियों, ठेला संचालकों और नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने में प्रशासन का साथ दें। साथ ही स्वच्छता नियमों का पालन करें, कचरा निर्धारित स्थान पर डालें और प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग न करें, ताकि शिवपुरी को स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने का लक्ष्य मिलकर पूरा किया जा सके।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)