18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवा जरूर बनवाएं मतदाता पहचान पत्र, कलेक्टर ने दिए निर्देश
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसके तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन कराने के लिए दावा-आपत्ति की प्रक्रिया जारी है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार अब 15 जून 2026 तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं निराकरण 25 जून 2026 तक किया जाएगा। संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 18 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन किया जाएगा।
मतदाता सूची में सुधार का सुनहरा अवसर
जिन मतदाताओं का नाम सूची में नहीं है, जिनकी जानकारी में त्रुटि है अथवा पता परिवर्तन या अन्य संशोधन कराना है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) से संपर्क किया जा सकता है।
18 वर्ष पूरे करने वाले युवा जरूर बनवाएं वोटर आईडी
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पित वर्मा ने जिले के सभी अधिकारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष रूप से उन युवाओं से अपील की है जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, वे अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाकर मतदाता पहचान पत्र अवश्य बनवाएं।
📅 महत्वपूर्ण तिथियां
🔹 दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि – 15 जून 2026
🔹 दावा-आपत्तियों का निराकरण – 25 जून 2026 तक
🔹 मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन – 18 जुलाई 2026
लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी कदम
मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का पहला कदम है। प्रशासन ने नागरिकों से समय रहते अपने नाम एवं विवरण की जांच कराने और आवश्यक संशोधन करवाने की अपील की है।