बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर हिट एंड रन मोटर दुर्घटनाओं से प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करते हुए जिला प्रशासन ने तीन अलग-अलग प्रकरणों में आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। शासन की योजना के तहत मृतक के परिजन एवं गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को यह सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
संयुक्त कलेक्टर जे.पी. गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि मोटर दुर्घटना के एक प्रकरण में ग्राम बेहट, ग्राम पंचायत टोंका निवासी नेताब पुत्र ऊदल यादव गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
इसी प्रकार अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए पुरानी शिवपुरी निवासी जकी अहमद खान पुत्र एस.ए. खान को भी 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई है। दोनों घायलों को उपचार एवं अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए यह सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये की सहायता
हिट एंड रन दुर्घटना के एक अन्य मामले में ग्राम सिकरावदी कुंवरपुर, तहसील शिवपुरी निवासी हल्के उर्फ रामरतन जाटव की दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इस प्रकरण में उनकी वैध वारिस पत्नी श्रीमती मीना जाटव को शासन की ओर से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
प्रभावित परिवारों को मिलेगा सहारा
प्रशासन का कहना है कि हिट एंड रन दुर्घटनाओं के पीड़ितों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से यह सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि कठिन समय में उन्हें कुछ राहत मिल सके।