राहवीर योजना के तहत कलेक्टर अर्पित वर्मा ने किया सम्मानित, गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाकर बचाई थी जान
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की समय पर मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित राहवीर योजना जिले में मानवता की मिसाल बन रही है।
मंगलवार को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने एक ऐसे ही जागरूक नागरिक दुर्गेश कुशवाह को सम्मानित किया, जिन्होंने दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दुर्गेश कुशवाह ने सड़क हादसे के बाद घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर यानी दुर्घटना के बाद के सबसे महत्वपूर्ण एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाया। उनकी इस सराहनीय पहल के लिए कलेक्टर ने उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किया तथा शासन की ओर से 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी गई।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि राहवीर योजना समाज में संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है। सड़क दुर्घटना के बाद समय पर चिकित्सा सहायता मिलना कई बार जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर साबित होता है। ऐसे में मदद के लिए आगे आने वाले नागरिक वास्तव में समाज के लिए प्रेरणा हैं।
उन्होंने बताया कि गुड सेमेरिटन स्कीम (राहवीर योजना) के अंतर्गत यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पहले एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करता है, तो उसे शासन द्वारा 25 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाती है।
योजना में उन गंभीर मामलों को शामिल किया गया है, जिनमें घायल को बड़ी सर्जरी की आवश्यकता हो, तीन दिन या उससे अधिक समय तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़े, मस्तिष्क या रीढ़ की गंभीर चोट हो अथवा उपचार के दौरान मृत्यु हो जाए। ऐसे मामलों में मदद करने वाले व्यक्तियों को शासन सम्मानित करता है।
विशेष बात यह है कि दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की सहायता करने वाले नागरिक को किसी भी प्रकार की अनावश्यक कानूनी प्रक्रिया या पूछताछ का सामना नहीं करना पड़ता। यही कारण है कि अब अधिक लोग सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए आगे आने लगे हैं।
शिवपुरी फर्स्ट की ओर से भी दुर्गेश कुशवाह के इस मानवीय कार्य को सलाम, जिन्होंने साबित किया कि समय पर की गई मदद किसी के लिए नया जीवन बन सकती है।