खाद संकट से लेकर आर्थिक सहायता तक, कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सुनी आमजन की समस्याएं
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने स्वयं फरियादियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कुल 520 आवेदन प्राप्त हुए।
किसानों ने उठाई खाद की किल्लत की समस्या
जनसुनवाई में कोलारस क्षेत्र के कुलहड़ीपुर गांव से पहुंचे किसानों ने खाद की कमी को लेकर चिंता जताई। किसानों ने बताया कि समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से खेती प्रभावित हो रही है।
इस पर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को प्राथमिकता के आधार पर खाद उपलब्ध कराई जाए तथा वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता को सख्ती से रोका जाए।
दुख की घड़ी में प्रशासन बना सहारा
जनसुनवाई के दौरान प्रशासन का संवेदनशील चेहरा भी देखने को मिला। नगर परिषद कोलारस निवासी श्रीमती विजय बाई जाटव को अनुग्रह सहायता योजना के तहत 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। यह सहायता उनके परिवार के लिए कठिन समय में बड़ी राहत साबित होगी।
बीमार बच्ची के इलाज के लिए मिली तत्काल मदद
जनसुनवाई में अपनी बीमार बच्ची के उपचार के लिए सहायता मांगने पहुंचे नीरज सेन की व्यथा सुनकर कलेक्टर ने तुरंत संज्ञान लिया।
कलेक्टर ने रेडक्रॉस से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कराई तथा स्वास्थ्य विभाग को बच्ची के उपचार हेतु आवश्यक दवाइयां तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ।
अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है और प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ करे।
जनसुनवाई बनी जनता की उम्मीद
हर सप्ताह आयोजित होने वाली जनसुनवाई अब आम नागरिकों के लिए अपनी समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण मंच बनती जा रही है, जहां प्रशासन सीधे जनता से संवाद कर उनकी परेशानियों को दूर करने का प्रयास कर रहा है।