बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले की पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भौंती पुलिस ने जुआ के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ताश की गड्डी, नगद राशि, मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी घनश्याम भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि भौंती क्षेत्र में सुरेश राजपूत के घर के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए सात लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 52 पत्तों की एक ताश की गड्डी, 15 हजार 160 रुपये नगद, 4 मोटरसाइकिल एवं 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पकड़े गए आरोपियों में जयप्रकाश गुप्ता, जयकुमार उर्फ जैकी लोधी, नरेन्द्र झा, आशीष कलावत, प्रहलाद लोधी, राजकुमार गुप्ता एवं सुरेश राजपूत शामिल हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 183/26, धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए माल की कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 20 हजार 160 रुपये है। चूंकि मामला सात वर्ष से कम सजा वाले अपराध की श्रेणी में आता है, इसलिए आरोपियों को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कर नियमानुसार रिहा किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया, सउनि संजय भगत, प्रधान आरक्षक मृत्युंजय सिंह, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिंह चौहान, दुर्गा विजय रावत एवं गजेन्द्र शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।