बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पीपरघार में एक 18 वर्षीय युवक की सल्फास खाने से मौत हो गई। युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पीपरघार निवासी गोविंद धाकड़ (18 वर्ष) ने सोमवार शाम अज्ञात कारणों के चलते सल्फास की गोलियां खा लीं। जहरीला पदार्थ सेवन करने के कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों ने तत्काल उसे उपचार के लिए शिवपुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका इलाज शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि युवक की हालत लगातार गंभीर बनी रही और सोमवार देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल चौकी पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर लिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे क्या कारण रहे, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा परिजनों एवं संबंधित लोगों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
नोट: यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, निराशा या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत परिवार, मित्रों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सहायता लें। समय पर मदद जीवन बचा सकती है।