बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में सोमवार रात कट्टे की नोक पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। विवाह समारोह से घर लौट रहे एक व्यक्ति को दो नकाबपोश बदमाशों ने रास्ते में रोककर हथियार के बल पर नकदी और सोने की अंगूठी लूट ली। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खाईखेड़ा निवासी बद्रीप्रसाद जाटव (48) सोमवार रात करीब 8 बजे कोलारस क्षेत्र के पनवाड़ी गांव में आयोजित एक विवाह समारोह से अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। तभी सड़ नदी पुल के पास लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उनके सामने आ गए। दोनों बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे।
कनपटी पर कट्टा अड़ाकर दी जान से मारने की धमकी
पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने उन्हें रोककर कनपटी पर कट्टा अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी दी। डर के चलते बद्रीप्रसाद ने अपनी जेब में रखे 1 हजार रुपए नकद और हाथ में पहनी सोने की अंगूठी बदमाशों को सौंप दी। इसके बाद आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया और पास की झाड़ियों में फेंक दिया। जाते समय बदमाशों ने उन्हें कुछ देर तक वहीं खड़े रहने की चेतावनी दी और मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों की मदद से मिला मोबाइल
घटना के बाद बद्रीप्रसाद किसी तरह सड़ रोड पहुंचे और स्थानीय निवासी श्रीलाल जाटव को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों के साथ वापस घटनास्थल पर पहुंचकर उन्होंने अपने मोबाइल नंबर पर कॉल किया। घंटी की आवाज सुनाई देने पर झाड़ियों में पड़ा मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित ने बदरवास थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई है तथा लूटे गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में जांच और तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।