पुरानी रंजिश में किसान की झोपड़ी फूंकी: गेहूं, बीज और कृषि उपकरण जलकर खाक, 2 लाख का नुकसान; 2 आरोपियों पर FIR

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक किसान की खेत पर बनी झोपड़ी में आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आगजनी की इस घटना में झोपड़ी में रखा गेहूं, बीज, कृषि उपकरण, बिजली का सामान और घरेलू सामग्री जलकर राख हो गई।
 पीड़ित किसान ने करीब 2 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, धुवाई तालाब के सामने रहने वाले 60 वर्षीय किसान पीरा शाह ने नरवर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। किसान ने बताया कि 23 जून की रात वह अपने खेत पर बनी पाटौर (झोपड़ी) में सो रहे थे। देर रात अचानक कुछ संदिग्ध आवाज सुनाई दी, जिसके बाद वह जाग गए और बाहर निकलकर देखा।

आग लगाते देखे पड़ोसी, शोर मचाते ही भागे

पीरा शाह का आरोप है कि उन्होंने अपने पड़ोसी हबीब शाह और नाजू शाह को उनकी रिहायशी टपरिया में आग लगाते हुए देखा। जैसे ही उन्होंने शोर मचाया, दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। आग की लपटें तेजी से फैल गईं और कुछ ही देर में पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

किसान की आवाज सुनकर उनका बेटा, बहू और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन झोपड़ी और उसमें रखा सामान पूरी तरह जल गया।

अनाज, बीज और कृषि उपकरण हुए राख

आगजनी की इस घटना में झोपड़ी में रखा गेहूं, आटा, फसल के बीज, कृषि उपकरण, बिजली का सामान और अन्य घरेलू सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। किसान के अनुसार इस घटना से उसे करीब 2 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

पुरानी रंजिश बनी आगजनी की वजह!

पीड़ित किसान ने पुलिस को बताया कि आरोपियों से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है और इसी रंजिश के चलते आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस अब दोनों पक्षों के बीच विवाद और आगजनी के कारणों की जांच कर रही है।

दो आरोपियों पर मामला दर्ज

नरवर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी हबीब शाह और नाजू शाह के खिलाफ बीएनएस की धारा 326 (ग) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)