बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र स्थित पड़ौरा चौराहा पर संचालित आयशर ट्रक सर्विस सेंटर में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। सर्विस सेंटर के टूल डिपार्टमेंट में कार्यरत 48 वर्षीय मनोज श्रीवास की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पराई की पौर निवासी मनोज श्रीवास मंगलवार शाम अपनी ड्यूटी के दौरान सर्विस सेंटर में काउंटर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान परिसर में खड़ा एक ट्रक अचानक लुढ़कने लगा और सीधे उनकी ओर बढ़ गया। इससे पहले कि मनोज कुछ समझ पाते, ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उनके सीने पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद सर्विस सेंटर में अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों और एजेंसी स्टाफ ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए शिवपुरी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक अचानक कैसे लुढ़का और हादसे के पीछे किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं थी। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों और ट्रक की पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
मृतक मनोज श्रीवास अपने पीछे दो बच्चों और परिवार को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, वहीं सर्विस सेंटर के कर्मचारियों में भी गहरा दुख व्याप्त है।