बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकानसूचिकरण एवं मकानों की गणना) में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अर्पित वर्मा (IAS) ने सभी सम्मानित अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में मैदानी स्तर पर कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उनके समर्पण, मेहनत और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य के कारण ही यह अभियान प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रहा है।
तहसीलदारों को मिला सम्मान
जनगणना-2027 के तहत उत्कृष्ट कार्य के लिए तहसीलदार पिछोर श्री शिवशंकर गुर्जर, तहसीलदार नरवर श्री विजय कुमार त्यागी तथा तहसीलदार शिवपुरी श्री सिद्धार्थ भूषण शर्मा को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
नगरीय क्षेत्र के अधिकारियों का भी हुआ सम्मान
नगरीय क्षेत्र से मुख्य नगरपालिका अधिकारी खनियाधाना श्री आशुतोष त्रिपाठी, नगर परिषद नरवर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री प्रवीण नरवरिया तथा नगरपालिका परिषद शिवपुरी के सीएमओ श्री ईशांक धाकड़ को भी जनगणना कार्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
पर्यवेक्षक और प्रगणक श्रेणी में भी सम्मान
कार्यक्रम में पर्यवेक्षक श्रेणी में श्री हरिदास त्रिपाठी (पिछोर), श्री अमर सिंह कुशवाहा (पोहरी) एवं श्री कुलदीप श्रीवास्तव (नरवर) को सम्मानित किया गया।
वहीं प्रगणक श्रेणी में श्री सचिन त्यागी (बैराड़), श्री प्रसन्न भार्गव (करैरा) एवं श्रीमती समीना हुसैन (शिवपुरी) को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
राष्ट्रीय महत्व के कार्य में योगदान की सराहना
सम्मान समारोह के दौरान कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों की आधारशिला है। इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने में सभी की सक्रिय भागीदारी सराहनीय है।
कार्यक्रम के अंत में सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनगणना के आगामी चरणों में भी पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।