बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी में एक महिला ने अपने वन विभाग में पदस्थ पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और दूसरी शादी की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर फॉरेस्ट कर्मी विकास खत्री के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता एकता खत्री ने महिला थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि उनकी शादी 8 मार्च 2019 को विकास खत्री के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति और ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर ताने दिए जाने लगे।
महिला का आरोप है कि उसके पति अक्सर यह कहते थे कि मायके वालों ने शादी में कुछ नहीं दिया और यदि उनकी शादी किसी अन्य परिवार में होती तो लाखों रुपये का दहेज मिलता। पीड़िता के अनुसार, पति लगातार 5 लाख रुपये लाने का दबाव बनाता था और मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
एकता खत्री ने बताया कि करीब आठ महीने पहले उन्हें घर से निकाल दिया गया था। तब से वह अपने दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहकर जीवनयापन कर रही हैं। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके पति का एक अस्पताल में कार्यरत नर्स से संपर्क है और वह उसी महिला से शादी करना चाहते हैं।
पीड़िता का कहना है कि उन्होंने कई बार समझौते और सुलह का प्रयास किया, लेकिन पति उन्हें अपने साथ रखने को तैयार नहीं हुआ और दहेज की मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद मजबूर होकर उन्होंने महिला थाना की शरण ली।
महिला थाना पुलिस ने शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी विकास खत्री के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब इस मामले में जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, लेकिन दहेज प्रताड़ना और पारिवारिक विवाद का यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।