हाथ में सूजन, पेट दर्द और खुजली के बाद विवाहिता की मौत: मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के खजूरी गांव में 24 वर्षीय विवाहिता कल्पना शाक्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से मामला चर्चा का विषय बन गया है। महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए शव वाहन को बीच रास्ते में रोक लिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं पति का कहना है कि पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हुई है।

जानकारी के अनुसार, खजूरी गांव निवासी राकेश शाक्य ने बताया कि सोमवार को उसकी पत्नी कल्पना की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उसे हाथ-पैर में खुजली, पेट दर्द और हाथ में सूजन की शिकायत थी। पहले उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर शिवपुरी शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत के बाद जब पति और परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में मायके पक्ष के लोगों ने एंबुलेंस को रोक लिया। परिजनों का आरोप था कि उन्हें कल्पना की बीमारी की कोई जानकारी नहीं दी गई थी और सीधे उसकी मौत की सूचना दी गई।

मृतका के भाई मोनू शाक्य ने आरोप लगाया कि उनकी बहन के साथ पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं। उनका कहना है कि कल्पना की मौत सामान्य बीमारी से नहीं, बल्कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।

घटना की सूचना मिलने पर सिरसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बुधवार को चिकित्सकों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

सिरसौद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि विवाहिता की मौत वास्तव में बीमारी के कारण हुई या फिर इसके पीछे कोई और वजह है? इसका जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)