कचरा हटाने के साथ डंप स्थलों की भी हुई सफाई, नागरिकों से सहयोग की अपील
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर पालिका परिषद शिवपुरी ने शहर में विशेष स्वच्छता अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देश एवं तहसीलदार व प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अनिल धाकड़ के मार्गदर्शन में विभिन्न वार्डों, प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर नालियों की सफाई, कचरा निष्पादन एवं डंप स्थलों की साफ-सफाई लगातार कराई जा रही है।
अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 37 में शिव मंदिर टॉकीज के पास की गली, राजेश्वरी रोड, पोहरी बस स्टैंड, सर्कुलर रोड, नक्षत्र गार्डन, कलेक्टर बंगला रोड, कोर्ट परिसर और एसपी बंगला रोड सहित कई स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। वहीं वार्ड 22, 26 और 21 में नालियों की सफाई के साथ डंप स्थलों से कचरा हटाकर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने का कार्य किया गया।
नगर पालिका की टीम ने फल एवं जूस विक्रेताओं के आसपास फैले कचरे का भी संग्रहण कराया और व्यापारियों से गीले एवं सूखे कचरे का उचित निस्तारण करने की अपील की। पुरानी शिवपुरी के करबला क्षेत्र में भी विशेष सफाई अभियान जारी है, जहां नालियों और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई कराई जा रही है।
नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे नालियों में प्लास्टिक या मलबा न फेंकें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और शहर को स्वच्छ एवं जलभराव मुक्त बनाने के अभियान में प्रशासन का सहयोग करें।