शिवपुरी में स्मैक तस्करी पर बड़ा प्रहार: 3 लाख की स्मैक, नकदी और तौल कांटा जब्त, आरोपी जेल भेजा गया

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बैराड़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गायत्री कॉलोनी से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 11.87 ग्राम स्मैक, 16,100 रुपए नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा बरामद किया है। जब्त की गई स्मैक की बाजार कीमत लगभग 3 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी आनंद राय के मार्गदर्शन में बैराड़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गायत्री कॉलोनी निवासी जीतू उर्फ जितेंद्र प्रजापति अपने घर के सामने स्मैक की पुड़िया बनाकर बेच रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक पारदर्शी पॉलीथिन में रखी स्मैक, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और नकदी बरामद हुई। जांच में स्मैक का वजन 11.87 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपए बताई गई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कुछ कथित स्मैक सप्लायरों के नाम भी बताए हैं। पुलिस का कहना है कि इन नामों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क को तोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार आरोपी पहले भी स्मैक तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद वह फिर से इस अवैध कारोबार में सक्रिय हो गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

🔴 जब्त सामग्री ▪️ 11.87 ग्राम स्मैक (कीमत लगभग 3 लाख रुपए)
▪️ नगद 16,100 रुपए
▪️ इलेक्ट्रॉनिक पॉकेट तौल कांटा
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)