बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिवपुरी पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना फिजिकल पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाते हुए 35 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साथ ही भीषण गर्मी और वाहनों में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए बसों और अन्य यात्री वाहनों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है।
इसी के तहत 27 मई 2026 को जेएमएफसी न्यायालय शिवपुरी के मार्गदर्शन में थाना फिजिकल पुलिस द्वारा ग्वालियर बायपास चौराहे पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान मुख्य रूप से बसों और चार पहिया वाहनों की गहन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, परमिट, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, इमरजेंसी गेट और इमरजेंसी खिड़कियों की जांच की गई। जिन वाहनों में सुरक्षा मानकों की कमी पाई गई या आवश्यक दस्तावेज अधूरे मिले, उनके खिलाफ मौके पर चालानी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 35 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस का मानना है कि गर्मी के मौसम में वाहनों में आग लगने की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और वाहनों की तकनीकी स्थिति की नियमित जांच बेहद जरूरी है, जिससे संभावित हादसों को रोका जा सके।
इस कार्रवाई में निरीक्षक कृपाल सिंह राठौर, उपनिरीक्षक रामेन्द्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक श्याम शर्मा, आरक्षक राजदेव चौधरी, विजय मीणा, प्रेम रावत एवं सैनिक रिंकू बाथम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।