बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले में नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही बैराड़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो माह से फरार चल रहे स्मैक तस्कर ब्रजेश उर्फ छोटू ओझा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 9.4 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार 17 मार्च 2026 को बैराड़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोनू गुप्ता को 10.36 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मोनू ने खुलासा किया था कि वह यह स्मैक ब्रजेश उर्फ छोटू ओझा से खरीदकर लाया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बैराड़ थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने 28 मई की रात सिद्ध बाबा मंदिर, बरोड़ रोड क्षेत्र में घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम ब्रजेश उर्फ छोटू ओझा (33 वर्ष) निवासी बरोड़ रोड, बैराड़ बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 9.4 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस उसके नेटवर्क और अन्य तस्करों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
🔴 जब्त सामग्री ▪️ 9.4 ग्राम स्मैक
▪️ अनुमानित कीमत – ₹2 लाख
👮 कार्रवाई में प्रमुख भूमिका निरीक्षक सुरेश शर्मा, उनि धर्मेन्द्र शिवहरे, सउनि सत्येन्द्र सिंह भदौरिया, आरक्षक ज्ञान सिंह रावत, देवेन्द्र राठौर एवं मनीष परिहार की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।