जनसुनवाई में उमड़ी भीड़, 400 से ज्यादा फरियादी पहुंचे कलेक्टर के दरबार

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में 400 से अधिक आवेदक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने एक-एक कर सभी की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई एवं समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कई ऐसे मामले सामने आए जिनका मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे फरियादियों को बड़ी राहत मिली।

पोषण आहार की राशि नहीं मिलने की शिकायत, खाते में निकले 65 हजार रुपए

ग्राम सुनाज निवासी विनीता आदिवासी ने पोषण आहार की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर के निर्देश पर आदिम जाति कल्याण विभाग ने तत्काल जांच कराई। बैंक रिकॉर्ड की पड़ताल में पता चला कि आवेदिका के खाते में नियमित रूप से राशि जमा हो रही थी और कुल 65 हजार रुपए खाते में उपलब्ध हैं। जानकारी मिलने पर महिला ने संतोष जताया और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

सौरभ गैंचर को मिला अनुकंपा नियुक्ति आदेश
जनसुनवाई के दौरान नगर पालिका परिषद शिवपुरी के दिवंगत कर्मचारी के पुत्र सौरभ गैंचर को कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अनुकंपा नियुक्ति का आदेश सौंपा। लंबे समय से प्रतीक्षित नियुक्ति आदेश मिलने पर सौरभ और उनके परिवार ने जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

दिव्यांग बच्चे की मां को रेडक्रॉस से 10 हजार की सहायता

आर्थिक तंगी से जूझ रही मोनिका राठौर ने अपने दिव्यांग बच्चे की स्थिति से अवगत कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर प्रदान कराई, जिससे परिवार को तत्काल राहत मिल सके।

अधिकारियों को सख्त निर्देश

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जनसुनवाई में उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि समस्याओं के समाधान का माध्यम है।

जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का कहना था कि प्रशासन की सक्रियता से उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है। जिले में लगातार हो रही ऐसी सुनवाईयों से आमजन और प्रशासन के बीच विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)