शिवपुरी में पेयजल संकट से निपटने नगर पालिका अलर्ट, टैंकरों से भरे जा रहे सम्पवेल; कल से शुरू होगी मड़ीखेड़ा लाइन

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए नगर पालिका परिषद शिवपुरी लगातार सक्रिय है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री इशांक धाकड़ के निर्देशन में जल प्रदाय व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका के टैंकरों से सम्पवेल (जल भंडारण स्थलों) को भरने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, ताकि नागरिकों को अतिरिक्त जल उपलब्ध कराया जा सके।

पेयजल संकट की स्थिति से निपटने के लिए नगर पालिका ने विशेष कार्ययोजना लागू की है। अधिकारियों द्वारा वार्डवार जलापूर्ति की समीक्षा की जा रही है और जहां आवश्यकता महसूस हो रही है वहां वैकल्पिक जल स्रोतों एवं टैंकरों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। नगर पालिका का दावा है कि पूर्व निर्धारित जलापूर्ति व्यवस्था को जारी रखते हुए अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर यह है कि मड़ीखेड़ा परियोजना की वाटर लाइन मंगलवार से पुनः प्रारंभ होने जा रही है। इसके शुरू होते ही शहर में जल प्रवाह सामान्य होने की उम्मीद है और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। प्रशासन का मानना है कि इससे नागरिकों को पहले की अपेक्षा बेहतर और नियमित जल उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।

सीएमओ इशांक धाकड़ ने नागरिकों से जल संरक्षण की अपील करते हुए कहा है कि पानी का उपयोग जिम्मेदारीपूर्वक करें और अनावश्यक बर्बादी से बचें। उन्होंने कहा कि जल एक अमूल्य संसाधन है और सभी के सहयोग से ही शहर में बेहतर जल प्रबंधन संभव हो सकेगा।

साथ ही नगर पालिका ने सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक एवं अपुष्ट जानकारियों से सावधान रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेयजल व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और नागरिक केवल नगर पालिका के आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही विश्वास करें। नगर पालिका ने भरोसा दिलाया है कि आने वाले दिनों में जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित रूप से संचालित होगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)