फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पड़ी भारी: नरवर में 4 कोचिंग संस्थान सील

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने राजस्व टीम के साथ कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं पाया गया। गंभीर अनियमितताओं के चलते प्रशासन ने जागृति इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश, जान्हवी कोचिंग क्लासेज, भार्गव कोचिंग क्लासेज और अनिल कोचिंग क्लासेज को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

जांच में यह भी सामने आया कि कुछ संस्थान गोदाम जैसे असुरक्षित भवनों में संचालित किए जा रहे थे, जहां विद्यार्थियों को पढ़ाया जा रहा था। इस पर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

तहसीलदार ने कहा कि हाल ही में लखनऊ में हुए अग्निकांड जैसी घटनाओं से सबक लेने की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कोचिंग संस्थानों को शासन द्वारा निर्धारित फायर सेफ्टी एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)