बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने और मुख्य बाजार क्षेत्र को जाम मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। शिवपुरी के सबसे व्यस्ततम मार्ग कोर्ट रोड को अब 'आदर्श रोड' के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों, मंडी प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में यातायात पुलिस द्वारा तैयार की गई 'कोर्ट रोड ट्रैफिक एंड पार्किंग मैनेजमेंट योजना' को प्रस्तुत किया गया, जिस पर सभी पक्षों की सहमति बनी। प्रशासन का उद्देश्य कोर्ट रोड को अतिक्रमण मुक्त, व्यवस्थित और जाम रहित बनाना है ताकि आम नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक रहेगा वाहनों पर प्रतिबंध
नई व्यवस्था के तहत अस्पताल चौराहा और माधव चौक से कोर्ट रोड की ओर सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक सभी प्रकार के चारपहिया और तीनपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन का मानना है कि इससे बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और पैदल चलने वाले लोगों को सुरक्षित व सुगम आवागमन का वातावरण मिलेगा।
ठंडी सड़क पर शिफ्ट होंगे हाथ-ठेले
योजना के तहत कोर्ट रोड पर अव्यवस्थित रूप से संचालित होने वाले हाथ-ठेलों को हटाकर ठंडी सड़क पर व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित किया जाएगा। वहीं सब्जी मंडी के पास कोर्ट रोड और ठंडी सड़क को जोड़ने वाले मार्ग से भी ठेले हटाए जाएंगे। प्रशासन द्वारा संबंधित व्यवसायियों के पुनर्वास की व्यवस्था भी की जाएगी ताकि किसी की आजीविका प्रभावित न हो।
बर्तन बाजार के सामने नो-पार्किंग जोन
कोर्ट रोड के सबसे संकरे हिस्से बर्तन बाजार के सामने वाले क्षेत्र को पूर्ण रूप से नो-पार्किंग जोन घोषित किया जाएगा। यहां वाहन खड़े करने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इस कदम से सड़क की चौड़ाई प्रभावी रूप से बढ़ेगी और यातायात का दबाव कम होगा।
दोपहिया वाहनों के लिए बनेंगे पार्किंग बे
बाजार आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए नगर पालिका द्वारा सड़क किनारे सफेद पट्टियों से टू-व्हीलर पार्किंग बे तैयार किए जाएंगे। मंडी के सामने, टेकरी रोड स्थित गर्ल्स स्कूल के पास, गर्ल्स स्कूल के सामने तथा गांधी चौक क्षेत्र में विशेष पार्किंग स्थल विकसित किए जाएंगे, जिससे वाहन व्यवस्थित ढंग से खड़े किए जा सकें।
निगरानी के लिए बनेगी विशेष टीम
नई व्यवस्था को सफल बनाने के लिए प्रशासन एक विशेष मॉनिटरिंग टीम का गठन करेगा। यह टीम कोर्ट रोड और अन्य चिन्हित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेगी तथा प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों की आवाजाही, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई करेगी।
प्रशासन ने मांगा जनता का सहयोग
कलेक्टर अर्पित वर्मा और एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने शहरवासियों, व्यापारियों और आम नागरिकों से इस अभियान में सहयोग की अपील की है। उनका कहना है कि "स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शिवपुरी" का सपना तभी साकार होगा जब प्रशासन के साथ जनता भी अपनी जिम्मेदारी निभाएगी।