बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में पंचायत स्तर पर जनसुनवाई को लेकर की गई शिकायत की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जनपद पंचायत बदरवास अंतर्गत ग्राम पंचायत अटलपुर और बरखेड़ाखुर्द में जनसुनवाई आयोजित नहीं होने के लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार पाए गए हैं।
प्रशासनिक जांच में स्पष्ट हुआ कि दोनों पंचायतों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनसुनवाई आयोजित हुई थी और शिकायत में लगाए गए आरोप तथ्यों से मेल नहीं खाते।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में जिलेभर में पंचायत स्तरीय जनसुनवाई नियमित रूप से आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में अटलपुर और बरखेड़ाखुर्द पंचायतों को लेकर शिकायत प्राप्त होने पर जनपद पंचायत बदरवास प्रशासन ने मामले की जांच कराई।
जांच के दौरान दोनों ग्राम पंचायतों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया। पंचायतों द्वारा प्रस्तुत जवाब में बताया गया कि निर्धारित तिथि पर नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की गई थी। इतना ही नहीं, जनसुनवाई के आयोजन से संबंधित फोटोग्राफ भी जनपद पंचायत के अधिकृत व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा किए गए थे।
प्रशासन को सौंपे गए प्रतिवेदन के अनुसार ग्राम पंचायत अटलपुर में 4 आवेदन तथा ग्राम पंचायत बरखेड़ाखुर्द में 3 आवेदन जनसुनवाई के दौरान प्राप्त हुए थे। इन आवेदनों का रिकॉर्ड भी पंचायत स्तर पर संधारित पाया गया।
मामले की पुष्टि के लिए जांच दल ने संबंधित अभिलेखों, शिकायत रजिस्टर और जनपद पंचायत सदस्य के कथनों का भी परीक्षण किया। सभी उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि दोनों पंचायतों में जनसुनवाई का आयोजन विधिवत किया गया था।
जनपद पंचायत बदरवास के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि जांच में शिकायत पूरी तरह तथ्यहीन पाई गई है। पंचायतों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जनसुनवाई आयोजित की गई थी और प्राप्त आवेदनों का निराकरण भी नियमानुसार किया जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी और पारदर्शी बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है तथा किसी भी शिकायत की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।