शिवपुरी में खेत में मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के हिम्मतपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गौचोनी में मंगलवार सुबह एक 27 वर्षीय युवक का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। युवक की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पवन लोधी (27) पुत्र रामेश्वर लोधी निवासी ग्राम गौचोनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार को परिवार में रामायण पाठ के उपलक्ष्य में भंडारे का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पवन रात में खेत पर रखवाली करने के लिए चला गया था।

मंगलवार सुबह ग्रामीणों को खेत में पवन का शव पड़ा मिला, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

शरीर पर चोट के निशान, मोबाइल भी मिला टूटा हुआ
मृतक के रिश्तेदार उमेश लोधी ने बताया कि पवन के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। वहीं उसका मोबाइल फोन शव से करीब 50 मीटर दूर टूटी हुई हालत में मिला। परिजनों का कहना है कि गांव में कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसके चलते उन्हें हत्या की आशंका है।

पुलिस कर रही सभी पहलुओं से जांच

हिम्मतपुर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है, जबकि परिजन मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)