बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के आदेश के अनुपालन में तहसीलदार श्री अनिल धाकड़ ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद शिवपुरी के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) का पदभार ग्रहण कर लिया। नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर नगर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
पदभार ग्रहण करने के बाद श्री धाकड़ ने शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, राजस्व वसूली, जन शिकायतों के निराकरण एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी व्यवस्थाओं का संचालन पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए।
उन्होंने कहा कि नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने, पेयजल आपूर्ति को सुचारू रखने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
श्री धाकड़ ने यह भी निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे तथा नगर पालिका का प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्याओं का निराकरण करे।
नगर पालिका परिषद शिवपुरी में नए प्रभारी सीएमओ के रूप में पदभार संभालने के बाद प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। आने वाले दिनों में शहर की मूलभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।