पूर्व पति ने पेट्रोल डालकर किया हमला:बचाने पहुंची पत्नी से भी मारपीट, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक महिला के पूर्व पति ने कथित तौर पर उसके वर्तमान पति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ भी आरोपी ने मारपीट कर दी। घायल युवक का उपचार शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घायल विनय कुमार पिता रघुवीर नाथ (32) निवासी हरपालपुरा, थाना उझानी, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी पत्नी सविता मूल रूप से शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। करीब तीन वर्ष पहले सविता ने अपने पहले पति धर्मेन्द्र नाथ से अलग होकर विनय कुमार से विवाह कर लिया था। विवाह के बाद दोनों गुरुग्राम में रहकर अपना जीवनयापन कर रहे थे।

विनय ने बताया कि 24 जुलाई को वह अपनी पत्नी के साथ उत्तर प्रदेश से उसके मायके आए थे। दोनों रेवई गांव से पैदल पिछोर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे ग्राम रेवई में जीवन सरपंच के घर से कुछ आगे नहर की पुलिया के पास अचानक सविता का पूर्व पति धर्मेन्द्र नाथ वहां पहुंच गया।

शिकायत के अनुसार, पुराने विवाद और रंजिश के चलते आरोपी ने पहले विनय से विवाद किया और फिर उसके ऊपर पेट्रोल डाल दिया। इससे पहले कि विनय कुछ समझ पाता, आरोपी ने कथित तौर पर लाइटर से आग लगा दी। अचानक आग की लपटों में घिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और विनय गंभीर रूप से झुलस गया।

आग की चपेट में आने से विनय के बाएं हाथ, कोहनी, उंगलियां, छाती, कंधा, गला, कान के पीछे तथा हाथ के अंगूठे सहित शरीर के कई हिस्से झुलस गए। वहीं उसके बाएं पैर के अंगूठे में भी चोट आई। घायल हालत में वह मदद के लिए चीखता रहा।

विनय का आरोप है कि जब उसकी पत्नी सविता उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी तो आरोपी धर्मेन्द्र नाथ ने उसके साथ भी लात-घूंसों से मारपीट की। इस मारपीट में महिला के गले, पीठ और कमर में चोटें आईं। घटना के दौरान सड़क किनारे खेतों में काम कर रहे लोगों ने पूरा घटनाक्रम देखा और तत्काल सहायता के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई गई और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल विनय को बेहतर इलाज के लिए शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद पिछोर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी धर्मेन्द्र नाथ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

प्रथम दृष्टया मामला पुराने पारिवारिक विवाद और रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग दिनदहाड़े हुई इस वारदात को लेकर हैरानी जता रहे हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)