ई-रिक्शा एजेंसी पर हंगामा :मरम्मत विवाद ने लिया हिंसक रूप, दोनों पक्षों पर केस दर्ज

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ग्वालियर बायपास पर शुक्रवार शाम एक ई-रिक्शा एजेंसी पर वाहन की मरम्मत को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। एजेंसी संचालक और ग्राहक के बीच हुई कहासुनी मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गई। घटना में एजेंसी परिसर में खड़े दो ई-रिक्शा और एक आयशर मिनी ट्रक के शीशे टूट गए। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

फतेहपुर निवासी नवीन ओझा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले गिर्राज मैरिज गार्डन के पास स्थित मिनी मेट्रो ई-रिक्शा एजेंसी से एक ई-रिक्शा खरीदा था। वाहन में तकनीकी खराबी आने के बाद उन्होंने उसे मरम्मत के लिए एजेंसी पर जमा कराया था। उनका आरोप है कि कई दिनों तक एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद उनका ई-रिक्शा ठीक कर वापस नहीं दिया गया।

नवीन ओझा के मुताबिक शुक्रवार को वह दोबारा अपना वाहन लेने एजेंसी पहुंचे। इस दौरान मरम्मत को लेकर एजेंसी संचालक राहुल शर्मा से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एजेंसी संचालक और वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

वहीं दूसरी ओर एजेंसी संचालक राहुल शर्मा ने ग्राहक के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि नवीन ओझा अपने कुछ साथियों के साथ एजेंसी पहुंचे थे और आते ही विवाद शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राहक पक्ष ने एजेंसी में जमकर तोड़फोड़ की।

राहुल शर्मा के अनुसार, आरोपियों ने एजेंसी में खड़े दो ई-रिक्शा और एक आयशर मिनी ट्रक के शीशे तोड़ दिए, जिससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ। इतना ही नहीं, एजेंसी के कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई और गल्ले में रखी नकदी निकालने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना के दौरान एजेंसी के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहनों और अन्य नुकसान का जायजा लिया।

कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला जांच के अधीन है और पुलिस दोनों पक्षों के दावों की सत्यता की पड़ताल कर रही है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)