शिवपुरी में नगर पालिका का एक्शन मोड: अतिक्रमण हटाया, आवारा पशु-कुत्तों पर कार्रवाई और शहरभर में चला विशेष सफाई अभियान

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत राठौर के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद शिवपुरी ने सोमवार को शहरभर में तीन बड़े अभियान चलाकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की दिशा में सख्त कार्रवाई की। एक ओर पोहरी चौराहे से अस्थायी अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया गया, वहीं दूसरी ओर आवारा पशुओं एवं आक्रामक कुत्तों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इसके साथ ही विभिन्न वार्डों में व्यापक सफाई अभियान चलाकर नालियों की सफाई और कचरा हटाने का कार्य भी किया गया।

पोहरी चौराहे पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
नगर पालिका और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने यातायात थाना प्रभारी रणवीर यादव के नेतृत्व में पोहरी चौराहे पर सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान ठेले, गुमटियां और सार्वजनिक स्थानों पर रखी गई अवैध सामग्री हटवाई गई। दो सांची पार्लर भी निर्धारित स्थान से बाहर संचालित पाए जाने पर हटाए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों और व्यापारियों को चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार पोहरी चौराहा शहर का सबसे व्यस्त यातायात क्षेत्र है, जहां रोजाना अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बन रही थी। नागरिकों की लगातार शिकायतों के बाद यह विशेष अभियान चलाया गया।

आवारा पशु और काटने वाले कुत्तों पर भी कार्रवाई
नगर पालिका ने शहर में आवारा पशुओं एवं आक्रामक कुत्तों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।

पशु प्रभारी छोटेलाल बाथम के नेतृत्व में डॉग स्क्वॉड टीम ने झांसी चौराहा स्थित तुलसी नगर कॉलोनी और खेड़ापति मंदिर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 5 आक्रामक एवं काटने वाले कुत्तों को पकड़कर नियंत्रण में लिया। इन क्षेत्रों से लगातार कुत्तों के हमलों की शिकायतें मिल रही थीं।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत राठौर ने निर्देश दिए कि नागरिकों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए यह अभियान लगातार जारी रखा जाए।

शहर के कई वार्डों में चला विशेष सफाई अभियान
नगर पालिका की सफाई टीमों ने झिंगर रोड, नूरानी मस्जिद क्षेत्र, आईपीएस स्कूल रोड, करौंदी, बाथम मोहल्ला, मुसलमान मोहल्ला, वन विहार 10 नंबर गेट, द्वारकापुरी तथा वार्ड क्रमांक 20 की गणेश गली सहित कई क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया। नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त की गई तथा कचरा हटाकर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाई गई।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत राठौर ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई, नालियों की सफाई और कचरा उठाने का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा, ताकि बारिश के मौसम में जलभराव और गंदगी की समस्या न हो।

शहरवासियों से सहयोग की अपील

नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण नहीं करने, आवारा पशुओं एवं आक्रामक कुत्तों की सूचना तत्काल नगर पालिका को देने तथा स्वच्छ और सुंदर शिवपुरी बनाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। तीनों अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि शहर में सुरक्षित यातायात, स्वच्छ वातावरण और बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)