शिवपुरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैलाश विजयवर्गीय का पुतला जलाया।
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पोहरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता और मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला फूंका। यह विरोध प्रदर्शन राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर विजयवर्गीय द्वारा की गई टिप्पणी के खिलाफ किया गया।
इस बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अफाक अंसारी ने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर अशोभनीय टिप्पणी कर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को बदनाम करने का काम किया है।
अंसारी ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता दुष्कर्म और अमानवीय कृत्य जैसे अपराध कर रहे हैं, लेकिन पार्टी नेतृत्व इस पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग की कि वे कैलाश विजयवर्गीय को न केवल मंत्री पद से हटाएं, बल्कि उन्हें पार्टी से भी निष्कासित करें। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि वह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी और आवश्यकता पड़ने पर उग्र आंदोलन करेगी।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजयवर्गीय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना गुस्सा व्यक्त किया। इस दौरान पोहरी पुलिस ने पुतला दहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह इसमें असफल रही।
कैलाश विजयवर्गीय ने खंडवा में एक कार्यक्रम के दौरान विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था, हमारी बुआ की शादी जहां हुई थी, मेरे पिता वहां पानी भी नहीं पीते थे। उस गांव में पानी नहीं पीते थे। लेकिन आज के हमारे नेता प्रतिपक्ष ऐसे हैं जो बीच चौराहे पर अपनी जवान बहन को चुंबन कर लेते हैं।