शिवपुरी के स्कूल में बच्चों के लिए लगवाया; नहीं करवाई थी पापा की तेरहवीं:शिक्षक ने पिता की पुण्यतिथि पर वाटर कूलर दान कियाः

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:शासकीय माध्यमिक विद्यालय बड़ोरा में शिक्षक श्रीकृष्ण लोधी ने अपने पिता स्व. हरचरन लोधी की प्रथम पुण्यतिथि पर बच्चों के लिए वाटर कूलर दान किया। परिवार ने पिछले साल पिता के निधन के बाद तेरहवीं न करने का निर्णय लिया था और उसका खर्च समाज हित में लगाने का संकल्प लिया था।

शिक्षक श्रीकृष्ण लोधी ने बताया कि उनके परिवार ने पारंपरिक तेरहवीं के खर्च को समाजोपयोगी कार्य में लगाने का फैसला किया था। उन्होंने कहा, "पिता की याद में कुछ ऐसा करना चाहिए जो दूसरों के काम आए।" इसी विचार के साथ उन्होंने अपने भाई-भतीजों के सहयोग से स्कूल में यह वाटर कूलर स्थापित करवाया।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति अध्यक्ष अमित पडेरिया, बीआरसीसी विनोद तिवारी और श्रीकृष्ण लोधी के ज्येष्ठ पुत्र कैलाश लोधी ने फीता काटकर वाटर कूलर का उद्घाटन किया। अब विद्यालय के बच्चों को पीने के लिए ठंडा पानी उपलब्ध होगा।

यह एक अनुकरणीय पहल- जिला पंचायत उपाध्यक्ष

जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित पडेरिया ने कहा कि यह एक अनुकरणीय पहल है, जिसे अन्य लोगों को भी अपनाना चाहिए। बीआरसीसी विनोद तिवारी ने इसे साहसिक और प्रेरणादायक कदम बताया।

स्मृति में पौधे भी लगाए गए

कार्यक्रम के दौरान स्व. हरचरन लोधी की स्मृति में दो फलदार पौधे भी लगाए गए। इस अवसर पर सरपंच राजेन्द्र लोधी, पूर्व बीईओ भरत लाल लोधी, शिक्षक महेश लोधी, रोजगार सहायक वीर सिंह लोधी, एसएमसी अध्यक्ष राकेश लोधी, विद्यालय प्रधान मनोज गौतम सहित ग्रामीण और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक महेश लोधी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन एसएमसी अध्यक्ष राकेश लोधी ने किया। परिवार का यह संकल्प अब विद्यालय के बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराकर समाज हित का महत्वपूर्ण उदाहरण बन गया है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)