मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में बेमौसम बारिश से मक्का फसल बर्बादःकिसानों ने तत्काल मुआवजे की मांग की,कलेक्टर के निर्देश के बाद भी नहीं पहुंचे पटवारी

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा में शनिवार तड़के हुई तेज बारिश से किसानों की मक्का फसल तबाह हो गई है। बदरवास जनपद के पिरौंठ, मड़वासा, खतौरा और मेघौना बड़ा जैसे गांवों में मक्का की फसल पानी में भीगने से खराब हो गई, जिससे 50 से 60 प्रतिशत तक नुकसान का अनुमान है।

किसानों का आरोप है कि कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी के तीन दिन में सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देशों के बावजूद उनके गांवों में अब तक कोई पटवारी नहीं पहुंचा है। पिरौंठ गांव के किसान विकुल यादव ने बताया कि उनके क्षेत्र में अभी तक कोई सर्वे नहीं हुआ है।

किसानों का कहना है कि वे मंडियों में अच्छे दाम मिलने की उम्मीद में अपनी फसल सुखा रहे थे, लेकिन बेमौसम बारिश ने उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश से खेतों में रखी शेष फसल के भी खराब होने का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि फसल नुकसान की भरपाई हो सके। इस संबंध में कोलारस एसडीम अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि सर्वे लगातार जारी है और कई गांवों की रिपोर्ट आनी शुरू हो गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन गांवों में सर्वे नहीं हुआ है, उनकी जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)