ताला तोड़कर अलमारी और बक्से से कीमती सामान उड़ा ले गए बदमाश,बदरवास में घर से सोने-चांदी और नकदी चोरी

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के दीघौद गांव में गुरुवार रात एक घर में चोरी की वारदात हुई। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी और बक्से से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा ली।

दीघौद निवासी श्रीलाल जाटव (46) ने पुलिस को  बताया कि गुरुवार रात वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ खाना खाकर सो गए थे। उनका बड़ा बेटा अनिल उस समय ससुराल गया हुआ था।

सुबह करीब चार बजे जब श्रीलाल की नींद खुली, तो उन्होंने कमरे की कुंडी टूटी हुई पाई। अंदर देखने पर लोहे की अलमारी और बक्सा भी टूटा पड़ा था, और सारा सामान बिखरा हुआ था।

चोर घर से एक मंगलसूत्र, एक औम, एक तावीज, दो सोने के हथफूल, तीन जोड़ी चांदी की तोड़ियां, चांदी का चाबी गुच्छा, दो सोने की अंगूठियां, चार चांदी की चूड़ियां और लगभग 20 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। खाली बक्सा पास के खेत में पड़ा मिला।

पीड़ित श्रीलाल जाटव ने बताया कि उन्हें किसी पर शक नहीं है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)