शिवपुरी के खनियांधाना केंद्र पर खाद वितरण में अव्यवस्थाः पुलिस-तहसीलदार ने स्थिति नियंत्रित की,किसानों ने घंटों धूप में इंतजार किया

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के खनियांधाना सहकारी विपणन एवं प्रक्रिया सोसायटी केंद्र पर शुक्रवार को खाद वितरण में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। इससे क्षेत्र के हजारों किसान परेशान हुए। रबी सीजन की तैयारी में जुटे किसान जब खाद लेने केंद्र पहुंचे, तो वहां इतनी भीड़ जमा हो गई कि प्रशासन को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।

किसानों ने बताया कि वितरण में देरी और कमी के डर से वे सुबह 5 बजे से ही कतारों में लग गए थे। घंटों इंतजार के बाद भी वितरण शुरू नहीं होने पर भीड़ में असंतोष फैल गया। केंद्र पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में किसान लाइन में खड़े थे, जिन्हें पानी या बैठने की कोई व्यवस्था नहीं मिली।

किसानों ने सोसायटी कर्मचारियों पर मनमानी और लेट-लतीफी का आरोप लगाया, जिसके कारण उन्हें घंटों धूप में खड़ा रहना पड़ा। स्थिति बिगड़ने पर धक्का-मुक्की और शोरगुल शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस बल, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और तहसीलदार निशिकांत जैन मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

तहसीलदार निशिकांत जैन ने बताया कि क्षेत्र में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने जानकारी दी कि शुक्रवार को 1665 बोरी खाद का वितरण किया गया है, और आज रात तक 1100 बोरी खाद और पहुंच जाएगी।

किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर पुलिस बल मौजूद होने के बावजूद कोई महिला पुलिसकर्मी या अधिकारी नहीं था, जबकि कतारों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बालिकाएं भी शामिल थीं।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)