धान-मक्के की फसल बिछ गईं,तापमान गिरा; मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट:शिवपुरी में बेमौसम बारिश से फसलें को नुकसान

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में बेमौसम बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। रविवार रात से सोमवार देर शाम तक लगातार हुई वर्षा के कारण शहरों में जलभराव की स्थिति बनी, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में पानी भर गया।

कोलारस क्षेत्र में शनिवार को हुई तेज बारिश से बदरवास जनपद के कई गांवों में सूखने डाली गई मक्के की फसल खराब हो गई। रविवार सुबह से करैरा और नरवर क्षेत्र में शुरू हुई वर्षा से धान की फसलें खेतों में बिछ गईं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।

लगातार बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। तीन दिनों में पारा 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। सोमवार को शिवपुरी जिले का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मध्यप्रदेश में दूसरा सबसे कम तापमान था। मौसम विभाग ने जिले के लिए अगले 24 घंटे का यलो अलर्ट जारी किया है।

इस वर्ष जिले में औसत से काफी अधिक वर्षा हुई है। 1 जून से अब तक कुल 1441.44 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 1244.02 मिमी बारिश हुई थी। इस प्रकार, इस बार 197 मिमी अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। जिले की वार्षिक औसत वर्षा 816.3 मिमी है, लेकिन इस बार अब तक 625 मिमी अधिक बारिश हो चुकी है।

अब जानिए तहसीलवार वर्षा के आंकड़े

शिवपुरी में 1373.60 मिमी, बैराड़ में 1381.50 मिमी, पोहरी में 1496 मिमी, नरवर में 1787 मिमी, करैरा में 1456.90 मिमी, पिछोर में 1138 मिमी, कोलारस में 1474.50 मिमी, बदरवास में 1604.50 मिमी और खनियाधाना में 1261 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)