यह विवाद एक महिला से हुई कहासुनी और मारपीट से शुरू हुआ था, जो जल्द ही बड़े झगड़े में बदल गया। जानकारी के अनुसार, पैसों के लेनदेन और पुराने विवाद को लेकर सईषपुरा में तीन पक्ष आपस में भिड़ गए। इस झगड़े में महिलाएं भी शामिल हो गईं और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने के साथ पथराव भी हुआ।
पीट-पीट कर जमीन पर पटका
बिक्की शाक्य ने बताया कि उसके दोस्त सोनू खटीक और कुलदीप शाक्य का पुराना विवाद बिट्टू खटीक से था। आज उसके साथ में काली माता मंदिर के पास था।
तभी बिट्टू खटीक, सोनू खटीक, शुभम खटीक ने उसके दोस्त सोनू खटीक और कुलदीप शाक्य पुराने विवाद के चलते पीटना शुरू कर दिया। जब मैंने रोकने का प्रयास किया तो मुझे भी पीटना शुरू कर दिया। जब मुझे बचाने मेरी मां आई तो उन्होंने चोटी पकड़कर घसीट दिया। जब मेरी पत्नी आई तो मेरी पत्नी की भी चोटी पकड़कर जमीन पर पटक दिया। जब मेरी मां और पत्नी के साथ मारपीट होता देख सनी खटीक ने बीच बचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट कर दी।
तीन थानों की पुलिस टीम ने काबू में किया
विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें एक आरक्षक के सिर पर पत्थर लगने से वह घायल हो गया। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और तीनों थानों की टीमों ने मिलकर भीड़ को काबू में किया।
घटना के बाद तीनों पक्ष फिजिकल थाना पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने बताया कि दो पक्षों की शिकायतें पर क्रॉस केस दर्ज किया जा रहा है और मामले की जांच कर रही है।
एसडीओपी संजय चतुर्वेदी ने बताया कि “घटना की जांच की जा रही है, घायल आरक्षक का उपचार कराया गया है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।"