शिवपुरी में हादसे में आठ यात्री घायल, दो की हालत गंभीर,NH-27 पर कार ने ऑटो को पीछे से मारी टक्कर

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर 
शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम NH-27 कोटा-झांसी हाईवे पर अमरपुर गांव के पास एक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान की ओर जा रही एक इको कार ने सवारियों से भरे तीन पहिया ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ऑटो खरई गांव से लगभग 10-12 सवारियों को लेकर परोरा चौराहा की ओर जा रहा था। तभी तेज रफ्तार कार ने अचानक ऑटो के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में बैठे लोग घबरा गए।

हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायल लोगों को तुरंत जिला अस्पताल शिवपुरी पहुंचाया। घायलों में सचिन (निवासी राजगढ़) और धर्मेंद्र परिहार (निवासी मोहराई) भी शामिल हैं, जिन्होंने बताया कि कार ने अचानक पीछे से टक्कर मारी थी।

कोलारस थाना प्रभारी रवि चौहान ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है और घायलों का उपचार जारी है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)