कैंसर पीड़ित ने लगाई 10 लाख निकालने की गुहार:NOC न मिलने की शिकायत,जनसुनवाई में 1000 बीघा भूमि कब्जे की शिकायत

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में आम लोगों ने अपनी परेशानियां लेकर अधिकारियों के सामने गुहार लगाई। बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने आर्थिक समस्या, बैंकिंग प्रक्रियाओं में विलंब और जमीन पर कब्जे जैसे गंभीर मुद्दों को रखा। सबसे ज्यादा ध्यान आकर्षित करने वाली शिकायत शहर के निवासी गणपति स्वरूप श्रीवास्तव की रही, जिन्होंने सहकारिता बैंक में जमा 10 लाख रुपये की राशि वापस दिलाने की मांग की।

कैंसर पीड़ित ने बैंक से पैसे निकलवाने की गुहार श्रीवास्तव कैंसर और हृदय रोग से पीड़ित हैं तथा उनका उपचार मुंबई के टाटा मेमोरियल और दिल्ली के अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने कहा कि इलाज के लिए उन्हें तुरंत धन की आवश्यकता है, लेकिन बैंक उनकी जमा राशि जारी नहीं कर रहा। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि यदि इलाज के दौरान ही जमा पूंजी का उपयोग संभव न हो सके, तो इन पैसों का क्या लाभ। उन्होंने कलेक्टर से कम से कम 5 लाख रुपये तत्काल उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

लोन चुकाने पर नहीं मिली एनओसी

इसी तरह शिवपुरी निवासी सलीम खान ने बंधन बैंक द्वारा ऋण चुकाने के बावजूद NOC न दिए जाने की शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि उन्होंने 17,000 रुपये का पूरा ऋण चुका दिया है, लेकिन NOC न मिलने से उन्हें नया ऋण लेने और रोजगार शुरू करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कलेक्टर से तुरंत NOC दिलाने और आगे ऋण स्वीकृत कराने हेतु मदद मांगी।

ग्राम खैरोना, तहसील कोलारस के गोविंद रावत ने जनसुनवाई में आरोप लगाया कि गांव में दबंगों ने लगभग 1000 बीघा वन एवं राजस्व भूमि पर अवैध कब्जा कर खेती कर रखी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के मना करने और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। रावत ने आशंका जताई कि शिकायत के बाद दबंग उनके परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। जनसुनवाई में उठे इन तीनों गंभीर मामलों के बाद प्रशासन के सामने समाधान की चुनौती खड़ी हो गई है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)