सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के वार्ड क्रमांक 17 स्थित सामुदायिक भवन से सोमवार को नगर पालिका ने अतिक्रमण हटा दिया। नगर पालिका सीएमओ और अतिक्रमण हटाओ दल ने कई माह से रह रहे एक परिवार को भवन खाली करवाया।
जानकारी के अनुसार, बारिश के मौसम में इस मुस्लिम परिवार की झोपड़ी ढह गई थी। इसके बाद परिवार वार्ड पार्षद और स्थानीय लोगों की सहमति से अस्थायी रूप रूप से सामुदायिक भवन में रहने लगा था।
वार्ड 17 के पार्षद राजा यादव ने बताया कि परिवार का मुखिया मजदूरी करता है और उसके दो छोटे बच्चे हैं। झोपड़ी गिरने के बाद परिवार मजबूरी में सामुदायिक भवन में रह रहा था। पार्षद के मुताबिक, जब भी भवन में कोई शादी या सामाजिक कार्यक्रम होता था, परिवार स्वयं ही उसे खाली कर देता था। उन्होंने इसे स्थायी कब्जा नहीं बताया।
यह कार्रवाई तब हुई जब नगर पालिका सीएमओ ईशांत धाकड़ सोमवार को वार्ड 17 का दौरा करने पहुंचे थे। वे वार्ड के मुक्तिधाम को जाने वाले रास्ते की खराब हालत को लेकर रहवासियों की शिकायतें देखने आए थे। हाल ही में दो वीडियो भी वायरल हुए थे, जिनमें कीचड़ भरे रास्ते से अंतिम यात्रा निकाले जाने के दृश्य सामने आए थे।
निरीक्षण के दौरान, सामुदायिक भवन में रह रहे परिवार को देखकर नगर पालिका अधिकारियों ने इसे अतिक्रमण माना। इसके बाद मौके पर ही परिवार को भवन खाली करने का निर्देश दिया गया और उनका सामान बाहर रखवाया गया।