सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में नगरपालिका कार्यालय के बाहर एक महिला कर्मचारी से मोबाइल और सोने का ओम लॉकेट छीनने का मामला सामने आया है। यह घटना गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार, गोशाला निवासी 39 वर्षीय मनीषा गोस्वामी ई-अटेंडेंस लगाने नगर पालिका जा रही थीं। नगर पालिका के पास ही एक युवक ने उन पर हमला कर दिया।
लगभग 30-35 साल के इस युवक ने भूरे रंग की शर्ट पहन रखी थी। उसने अचानक ईंट उठाकर मनीषा के सिर पर वार किया। हमले के बाद आरोपी उनके गले से ओम का लॉकेट और मोबाइल छीनकर फरार हो गया।
चोट लगने से मनीषा को चक्कर आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है।