शिवपुरी में लूट की नीयत से घुसे थे बदमाश; मंगलसूत्र, टॉप्स, चूड़ी ले गए थे: आरक्षक की मां को मारने वाले दो गिरफ्तार, एक फरार

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के करेरा थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर में मंगलवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बदमाशों ने लूट की नीयत से घर में घुसकर एक 55 वर्षीय महिला गुड्डी गोस्वामी की सरिया से हमला कर हत्या कर दी। मृतका आरक्षक की मां थी।

करेरा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का बड़ा खुलासा कर दिया है, हालांकि तीसरा आरोपी अभी भी फरार है।

सुबह पति ने देखा खून से लथपथ शव

8-9 दिसंबर की दरम्यानी रात गुड्डी गोस्वामी अपने कमरे में सो रही थीं, जबकि उनके पति विष्णु पुरी पास के गौड़े में थे। सुबह लौटे तो देखा कि उनकी पत्नी चारपाई पर मृत पड़ी थीं और सिर से खून बहा हुआ था। घर के कमरे टूटे हुए थे, सामान बिखरा पड़ा था और मंगलसूत्र, टॉप्स, चूड़ी और तोड़िया जैसे जेवरात गायब थे।

धान बेचने के पैसों का शक था, महिला ने पहचान लिया आरोपी

जांच में सामने आया कि आरोपियों को शक था कि परिवार ने हाल ही में धान बेचा है और पैसे घर में रखे हुए हैं। इसी लालच में तीन बदमाश रात में घर में घुसे। उसी दौरान गुड्डी गोस्वामी की नींद खुल गई और उन्होंने अपने गांव के ही एक आरोपी को पहचान लिया। पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने सरिया से हमला कर उनकी हत्या कर दी।

घर में पैसे नहीं मिले तो बदमाश जेवर और थोड़ी नकदी लेकर भाग गए।

24 घंटे में बड़ी कार्रवाई: दो आरोपी गिरफ्तार

एसपी अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर एएसपी संजीव मुले, एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ और टीआई विनोद छावई की टीम ने तेजी से काम किया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें बल्लू उर्फ नंदराम रावत (40), निवासी फतेहपुर और जयदेव पुरी (40), निवासी बनेरी, थाना भितरवार।

पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली और बताया कि वे अपने फरार साथी रामू बघेल, निवासी धमघोली, के साथ मिलकर लूट और हत्या करने पहुंचे थे।

जेवरात बरामद, दोनों पर पहले भी कई मामले दर्ज गिरफ्तार आरोपियों से चोरी किए गए सभी जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों पर पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक चेतन शर्मा और टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रही। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी रामू बघेल को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)