सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर की मोहनी सागर कॉलोनी स्थित पोस्ट ऑफिस में चोरी की वारदात हुई है। चोर छत की पटिया हटाकर अंदर घुसे और कुछ केबिल चुरा ले गए। घटना की सूचना मिलने पर फिजिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पोस्ट मास्टर विजय कुमार मंगल ने बताया कि शनिवार को पोस्ट ऑफिस बंद किया गया था। रविवार को अवकाश के कारण कार्यालय बंद रहा। सोमवार सुबह जब पोस्ट ऑफिस खोला गया, तो अंदर सामान बिखरा हुआ मिला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अज्ञात चोर छत की पटिया हटाकर कार्यालय में दाखिल हुए थे। चोरों ने पोस्ट ऑफिस से कुछ केबिल चुराए हैं। राहत की बात यह रही कि चोर उस स्थान तक नहीं पहुंच पाए जहां नगद राशि और डाक टिकट रखे हुए थे। इससे एक बड़ी चोरी टल गई।
पोस्ट मास्टर विजय कुमार मंगल ने फिजिकल थाना पुलिस में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।