दो करोड़ के पंचायत घोटाले और आदिवासी भूमि कब्जे का आरोप:शिवपुरी में बोरी भर दस्तावेज लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे सपा नेता

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी में एडवोकेट और समाजवादी पार्टी के नेता जयपाल सिंह यादव ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वे मंगलवार को पंचायत से जुड़े दस्तावेज बोरी में भरकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने मड़वासा पंचायत में करीब 2 करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि इस संबंध में लंबे समय से शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

जयपाल यादव के अनुसार, मड़वासा पंचायत में पंचायत भवन, सीसी सड़क, नाली और शौचालय सहित अन्य विकास कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन कार्यों में केवल 20 प्रतिशत राशि खर्च की गई और शेष रकम का गबन कर लिया गया। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत और एसडीएम सहित कई अधिकारियों को शिकायतें दी थीं, लेकिन अधिकारियों ने सबूतों के अभाव में कार्रवाई से इनकार कर दिया।

इसके बाद जयपाल यादव ने सूचना का अधिकार अधिनियम (आरटीआई) के तहत जानकारी मांगी और पंचायत से जुड़े दस्तावेज प्राप्त किए। आरटीआई से मिले करीब 3000 पृष्ठों के दस्तावेज लेकर वे दोबारा अधिकारियों के पास पहुंचे, लेकिन इसके बावजूद मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई।

आदिवासी भूमि पर कब्जे का आरोप लगाया एडवोकेट जयपाल सिंह यादव ने इमलोदा गांव में आदिवासी भूमि पर कब्जे का मामला भी उठाया। उन्होंने बताया कि यहां 25 आदिवासी परिवारों को लगभग 120 बीघा जमीन के पट्टे दिए गए थे। आदिवासियों ने वर्षों की मेहनत से इस जमीन को उपजाऊ बनाया था, लेकिन आरोप है कि बाद में कुछ यादवों ने उस भूमि पर कब्जा कर लिया।

आदिवासी परिवार अपनी जमीन वापस पाने के लिए सालों से दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। जयपाल यादव ने यह भी आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन पर और उनके परिवार पर पक्षपातपूर्ण तरीके से मुकदमे दर्ज किए गए। उन्हें अवैध रूप से जिला बदर किया गया और लगातार धमकियां दी जा रही हैं।

उन्होंने कलेक्टर, एसपी और थाना प्रभारी पर सत्ता और पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया। जयपाल सिंह यादव ने सीएम से उच्च स्तरीय जांच, दोषी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय व कानूनी कार्रवाई, उनके व उनके परिवार पर दर्ज मुकदमों को निरस्त करने, आदिवासियों की भूमि को भू-माफियाओं से मुक्त कराने की मांग की। कहा कि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)