सागर शर्मा शिवपुरी,:खबर शिवपुरी में गौ सेवक मैत्री संघ ने सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखी। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे आंदोलन करेंगे।
संघ का कहना है कि वे वर्ष 2000-2001 से ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में पशुओं के लिए कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण, बधियाकरण और प्राथमिक उपचार जैसे महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद, उन्हें अभी तक न तो पंचायत स्तर पर स्थायी नियुक्ति मिली है और न ही कोई निश्चित मानदेय दिया जा रहा है।
गौ सेवक मैत्री संघ की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं: सभी गौ सेवक मैत्री को पंचायत स्तर पर नियुक्त किया जाए, उन्हें निश्चित मासिक मानदेय प्रदान किया जाए और सभी गौ सेवक मैत्री का बीमा कराया जाए।
संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक इन मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक गौ सेवक मैत्री द्वारा विभाग का कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा। जिला अध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि यदि तीन दिन के भीतर मांगों पर कोई निर्णय नहीं लिया गया, तो गौ सेवक मैत्री संघ कलेक्ट्रेट के बाहर धरना-प्रदर्शन करेगा।