परचून की दुकान की आड़ में बेच रहा था:शिवपुरी में घर से अवैध शराब जब्त, एक गिरफ्तार

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी के मनियर इलाके में गुरुवार को आबकारी विभाग ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की। आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेचने का काम कर रहा था।

आबकारी विभाग के अनुसार, आरोपी विकास झा निवासी मनियर अपने घर के बाहर संचालित परचून की दुकान की आड़ में अवैध शराब का कारोबार चला रहा था। वह दुकान से गुपचुप तरीके से ग्राहकों को शराब बेचता था।

सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी मनियर आदिवासी बस्ती के पास रेलवे अंडरब्रिज के समीप एक किराए के होटल का संचालन भी करता था। यहां भी ग्राहकों को शराब परोसी जाती थी। आबकारी विभाग इस बिंदु पर जांच कर रहा है।

मुखबिर की सूचना पर आबकारी टीम ने मनियर कॉलोनी स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी। यहां से 5 प्लेन पेटी, 5 मसाला पेटी, 2 वोल्ट कैन पेटी और 2 किंगफिशर कैन पेटी अवैध शराब जब्त की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपए है।

आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोडे के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में डॉ. तीर्थराज भारद्वाज, गौरव कोल, लोकेश बेवारिया और अन्य विभागीय कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)