सुभाषपुरा में गौ तस्करी करते एक युवक गिरफ्तार, तीन फरार:शिवपुरी में 30 मवेशी से भरा कंटेनर पकड़ाया

Nikk Pandit
0
          30 मवेशी से भरा कंटेनर पकड़ाया

शिवपुरी के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र में गौ तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर डिग्रीपुल के पास गौसेवकों ने 30 गौवंश से भरे एक कंटेनर को पकड़ लिया। इस दौरान चार तस्करों में से तीन मौके से फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस ने सभी 30 गौवंश को सुरक्षित मुक्त कर कंटेनर जब्त कर लिया है।

एनएच-46 पर पकड़ा गया कंटेनर

यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर डिग्रीपुल के पास की गई। गौसेवकों को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में बड़ी संख्या में गौवंश भरकर अवैध रूप से ले जाए जा रहे हैं।

चार तस्करों में से तीन फरार

कंटेनर रोके जाने के दौरान उसमें सवार चार तस्करों में से तीन मौके से फरार हो गए। गौसेवकों ने तत्परता दिखाते हुए एक तस्कर को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आजाद अली, निवासी टोंक जिला, राजस्थान के रूप में हुई है। उसे मौके से पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया गया।

महाराष्ट्र के बूचड़खाने ले जाई जा रही थीं गाय

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मोहना-पोहरी रोड के एक गांव से कंटेनर में 30 गाय भरी थीं। इन गौवंश को महाराष्ट्र के बूचड़खाने ले जाने की योजना थी। गौसेवकों के अनुसार, संदिग्ध कंटेनर का करीब चार घंटे तक पीछा किया गया। सही मौके पर कंटेनर को रोका गया, जिसके बाद गौ तस्करी का खुलासा हुआ।

19 हजार रुपए में सौदा करने की कोशिश

कंटेनर पकड़े जाने के बाद आरोपी के मोबाइल पर एक कॉल आया। गौसेवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर कॉल रिसीव की। फोन करने वाले व्यक्ति ने 19 हजार रुपए में मामला रफा-दफा करने का प्रस्ताव दिया और आरोपी के फोन-पे नंबर पर पैसे भेजने की बात कही। जब फोन करने वाले को यह पता चला कि वह पुलिस से नहीं बल्कि गौसेवकों से बात कर रहा है, तो उसने तुरंत कॉल काट दी।

लंबे समय से सक्रिय है गौ तस्करी

गौसेवकों ने आरोप लगाया कि सुभाषपुरा और मोहना क्षेत्र में लंबे समय से गौ तस्करी सक्रिय है, जिसमें कई लोग शामिल हैं। उन्होंने पूरे नेटवर्क की जांच की मांग की है। सूचना मिलने पर सुभाषपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी 30 गौवंश को सुरक्षित मुक्त कराया और कंटेनर को जब्त कर लिया।

आरोपी पर मामला दर्ज, तलाश जारी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी आजाद अली के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार तस्करों की तलाश और पूरे गिरोह की जांच की जा रही है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)