बिना साइन बोर्ड और डायवर्जन के कारण दो रातों में चार वाहन हादसे:एनएच-46 पर एनएचएआई की लापरवाही

Nikk Pandit
0

शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में एनएच-46 पर बने फ्लाईओवर के रखरखाव कार्य के दौरान एनएचएआई की लापरवाही सामने आई है। सड़क पर न तो चेतावनी साइन बोर्ड लगाए गए हैं और न ही सुरक्षित डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। इसी कारण पिछले दो दिनों में चार वाहन हादसे का शिकार हो चुके हैं।

बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात पूरनखेड़ी गांव के पास भगवती वेयरहाउस के नजदीक एक आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक चालक अंकित, निवासी भिंड, ने बताया कि रात में अचानक सड़क खत्म हो गई, लेकिन वहां कोई संकेतक बोर्ड नहीं था। रास्ता बदलते ही ट्रक मिट्टी के ढेर पर चढ़ गया और पलट गया।

इसी स्थान पर उसी रात एक कार भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक को अचानक सड़क खत्म होने का अंदाजा नहीं लग पाया, जिससे कार को नुकसान पहुंचा।

इससे पहले बुधवार तड़के हल्के कोहरे और खराब मौसम के बीच फ्लाई बस सर्विस की स्लीपर कोच बस (MP07 ZY 8090) फोर लेन पर रखे मिट्टी के ढेर से टकरा गई। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रहे कंटेनर (UP 21 CM 5371) ने बस को टक्कर मार दी।

इस हादसे में बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने एनएचएआई से जल्द उचित साइन बोर्ड और सुरक्षित डायवर्जन व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि आगे ऐसे हादसे न हों।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)