शिवपुरी में बोले- फसल हो रही बर्बाद; खेत ने निकल रहे जेसीबी, डंपर, मिक्सर:हाइटेंशन लाइन बिछाने गड्ढे खोदने पर किसान नाराज

Nikk Pandit
0

शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के अमारा गांव में बिजली विभाग द्वारा बिछाई जा रही हाइटेंशन लाइन किसानों के लिए समस्या का कारण बन गई है। खेतों में खड़ी फसलों के बीच टॉवर लगाने के लिए गड्ढे खोदे जा रहे हैं, जिससे किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। इससे आक्रोशित किसानों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

ग्रामीण अरविंद यादव ने बताया कि इस समय खेतों में फसलें पूरी तरह खड़ी हैं। बिजली विभाग के ठेकेदार द्वारा टॉवर लगाने के लिए खेतों में गड्ढे खोदे जा रहे हैं। इसके साथ ही, डंपर, जेसीबी और मिक्सर जैसे भारी वाहनों के लिए कोई अलग रास्ता न होने के कारण ये वाहन सीधे खेतों से होकर गुजर रहे हैं। इससे कई बीघा की फसलें कुचलकर नष्ट हो चुकी हैं।

किसानों का कहना है कि जब उन्होंने इस संबंध में पटवारी और ठेकेदार से बात की, तो उन्हें मुआवजे का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें पता चला कि केवल उन्हीं किसानों को मुआवजा मिलेगा जिनके खेत में टॉवर लगाया जाएगा। रास्ते में भारी वाहनों से नष्ट हुई अन्य किसानों की फसलों के लिए कोई मुआवजा निर्धारित नहीं किया गया है।

इस स्थिति से नाराज किसानों ने मांग की है कि जब तक खेतों में खड़ी फसल पककर कटाई के योग्य नहीं हो जाती, तब तक हाइटेंशन लाइन और टॉवर निर्माण का कार्य रोका जाए। किसानों का कहना है कि इससे उनकी मेहनत और फसल को होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)